बिथरी चैनपुर। युवक की हत्या के बाद शव नेशनल हाईवे किनारे खेत में फेंक दिया गया। पहचान मिटाने के लिए चेहरा भी तेजाब से जला दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल की लेकिन मौके से कोई अहम साक्ष्य नहीं मिला। वहीं पुलिस का मानना है कि मृतक तार काटने वाले गिरोह का रहा होगा और करंट से मौत पर साथी शव छोड़ भाग गए होंगे।
शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे किनारे गोपालपुर नगरिया गांव के पास मुश्ताक के खेत में शव पड़ा होने की सूचना पर भीड़ लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी सिटी अभिनंदन सिंह, सीओ पीतम पाल सिंह और थाना पुलिस भी पहुंची। मृतक की उम्र करीब 30-35 वर्ष थी और उसका चेहरा तेजाब डालकर बिगाड़ दिया गया था। खेत मालिक ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह खेत में थे और यह शव रात में ही किसी ने यहां लाकर डाला है। शव दो-तीन पुराना होने के चलते सड़ा-गला था, ऐसे में शरीर पर कोई चोट का निशान भी नहीं दिखा। फिलहाल पुलिस ने ग्राम प्रधान पति दिनेश पाल सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस की आशंका है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। संभव है कि वह तार काटने वाले गिरोह का बदमाश हो हो और इसी दौरान मौत होने पर उसके साथी छोड़कर भाग गए हैं।
आखिर पहले कहां था शव
पुलिस के मुताबिक शव दो-तीन दिन पुराना है। वहीं, खेत मालिक का दावा है कि शुक्रवार को वह खेत पर आया तो शव नहीं था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि इससे पहले यह शव कहां था। संभव है कि शव को पहले कहीं और छिपाकर रखा गया हो, फिर यहां लाकर फेंक दिया।