बरेली। छेड़छाड़ के विरोध पर शील चौराहे पर सोमवार शाम सड़क किनारे खड़े शोहदों ने स्कूटी सवार बीटीसी छात्रा और उसके भाई को पीट दिया। सिर में चोट लगने से छात्रा बेहोश हो गई। एक एनजीओ संचालिका शोहदों से भिड़ी तो वे बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की बाइक तो कब्जे में ले ली है लेकिन छेड़छाड़ के मामले में सिर्फ एनसीआर दर्ज की है।
संजयनगर निवासी शिक्षक की बेटी निजी कॉलेज से बीटीसी कर रही है। सोमवार शाम छात्रा छोटे भाई को स्कूटी पर बैठाकर अपनी सहेली के घर फाइल देने कुदेशिया फाटक जा रही थी। शील चौराहे के पास खड़े तीन शोहदों में से एक ने उनकी स्कूटी का पिछला हिस्सा पकड़कर खींच लिया। इससे स्कूटी गिरने से बची। छात्रा ने स्कूटी रोककर विरोध जताया। इस पर शोहदे ने छात्रा के भाई को पीटना शुरू कर दिया। छात्रा बीच-बचाव में आई तो उससे भी मारपीट की। इसी दौरान शोहदे के हाथ में पहना कड़ा छात्रा के सिर में लगने से खून बहने लगा और छात्रा बेहोश होकर गिर पड़ी। इसी बीच पहुंची एक एनजीओ संचालिका आरोपियों से भिड़ गईं तो वे भागने लगे। मगर एनजीओ संचालिका ने हिम्मत जुटाकर शोहदों की बाइक से चाबी निकाल ली तो वे बाइक छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे पिता चोटिल हुए बेटी-बेटे को डॉक्टर के पास ले गए।
चौकी से कुछ दूरी पर घटना
शील चौराहा छेड़छाड़ का प्वाइंट बनता जा रहा है। पहले भी यहां कई घटनाएं हुईं हैं। सोमवार की घटना भी चौकी से कुछ दूरी पर हुई लेकिन पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। देर रात छात्रा के पिता ने प्रेमनगर थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया। इंस्पेक्टर बलवीर सिंह बग्गा ने बताया कि मुख्य आरोपी जनकपुरी का निवासी बताया जा रहा है, जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा।