बरेली। शादी के एक आयोजन में शामिल यहां डिफेंस कॉलोनी आई ब्रिटिश मूल की महिला भी शहर के ठगों का शिकार हो गई। ठगों ने उसके एसबीआई की मुख्य शाखा के खाते से दो लाख रुपये उड़ा लिए। ब्रिटिश मूल की महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ठगों ने उनके एटीएम की क्लोनिंग कर उन्हें चूना लगा दिया।
लंदन से अपने रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने के लिए ब्रिटिश मूल की नागरिक आशा बर्नार्ड बरेली आईं थीं। उनके रिश्तेदार यहां डिफेंस कॉलोनी में सेंट जोसफ स्कूल के पास रहते हैं। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में उनका एनआरआई खाता है। उन्होंने 20 अक्तूबर को ही बैंक में यह खाता शुरू कराया। 22 नवंबर को स्टेट बैंक के सिविल लाइंस स्थित एटीएम से उन्होंने 8500 रुपये निकाले थे। इसके बाद 23 नवंबर को उनके खाते से दिल्ली और रामपुर के एटीएम से कई बार में दो लाख रुपये निकाल लिए गए। बैंक खाते में लंदन के नंबर होने से उन्हें अलर्ट मेसेज भी नहीं मिले।
आशा बर्नार्ड ने अपने खाते से सोमवार को अपने एकाउंट से कैश निकालने की कोशिश की तो उन्हें इस जालसाजी का पता चला। उन्होंने बताया कि उनके खाते से सात ट्रांजेक्शन के जरिये कैश निकाला गया है, हालांकि एटीएम उन्हीं के पास है। कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि पुलिसकर्मियों को भेजकर एटीएम केबिन में लगे सीसी कैमरों की जांच कराई जा रही है।