बरेली। पुलिस ने तीन चोरों को पकड़कर चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया है। पकड़े गए चोरों में दो का नाम उत्तराखंड की खटीमा कोतवाली में बतौर हिस्ट्रीशीटर दर्ज है। चोरों ने नवाबगंज में एक के बाद एक कई चोरियां कर पुलिस की नींद उड़ा दी थी।
एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि चोरों का गैंग हाफिजगंज के सेंथल तिराहे के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस की टीम ने वहां घेराबंदी कर तीनों लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में एक खटीमा के इस्लामनगर का अशरफ और दूसरा अकील अहमद निकला जबकि तीसरा देवरनिया के कटहरा ढाल का अनीस था। पूछताछ में तीनों ने नवाबगंज में 17 मई को शिक्षक डॉ. उपदेश शंखधार, सुरजीत सिंह, अजय गंगवार और दिनेश बुक डिपो में चोरी करने की घटना कबूल की। हाफिजगंज में कारचोबी कारीगर बन्ने शाह और असलम के घर में भी चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरों की निशानदेही पर इन घटनाओं में चुराई गई कुछ नकदी और संपत्ति भी बरामद की गई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर उनके दूसरे साथियों की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है। एसपी ने बताया कि अशरफ और अकील खटीमा कोतवाली के सक्रिय हिस्ट्रीशीटर हैं। इन पर 12 केस दर्ज हैं। ये लोग दिन में यह कपड़े और दूसरा सामान फेरी लगाकर कस्बों और गांवों में बेचते हैं। इसी दौरान रेकी करके मौका मिलते ही घटना को अंजाम दे देते हैं।