बरेली। इज्जतनगर थाने के सामने चेकिंग कर रहे दरोगा ने हेलमेट न होने पर पगड़ीधारी सिख युवक का चालान काट दिया। युवक ने पगड़ी का हवाला भी दिया लेकिन टारगेट पूरा करने में जुटे दरोगा ने उनकी नहीं सुनी। चालान कटने के बाद युवक ने अपने एक साथी को थाने बुला लिया। उन्होंने चालान काटने पर आपत्ति की लेकिन ई-चालान होने से चलते उसे रद्द नहीं किया जा सका।
दोपहर साढ़े 12 बजे इज्जतनगर थाने के दरोगा वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। एयरफोर्स के पास कालोनी में रहने वाले विक्रम सिंह थाने के सामने से स्कूटी से गुजरे। पुलिस ने उन्हें रोक लिया। दरोगा ने अपना मोबाइल से स्कूटी नंबर की डिटेल ले ली। एप में ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन पेपर, इंश्योरेंस के कागजात ठीक निकलने पर दरोगा ने विक्रम सिंह से पूछा हेलमेट कहां है। उन्होंने सिखों के लिए हेलमेट न लगाने का प्रावधान बताया, लेकिन दरोगा ने एक न सुनी और उनका चालान कर दिया। पहली बार चालान कटने पर विक्रम सिंह भी हतप्रभ रह गए। उन्होंने अपने एक साथी को बुलाया। उस समय थाने में इंस्पेक्टर केके भी वर्मा बैठे हुए थे। उन्होंने कहा कि चालान कट चुका है, अब कुछ नहीं हो सकता। इसके बाद दोनों मायूस होकर थाने से लौट गए।
सिख युवक का हेलमेट में चालान नहीं कट सकता है। पुलिस की ज्यादती के खिलाफ सिख समाज के साथ एसएसपी से मुलाकात की जाएगी। - सुरजीत सिंह, पूर्व प्रधान, गुरुद्वारा श्री गोविंद सिंह सभा, माडल टाउन
ऐसा नहीं होना चाहिए, चालान गलत हुआ है। दरोगा को सिख युवक का हेलमेट के मामले में चालान नहीं काटना चाहिए था।
- केके वर्मा, इंस्पेक्टर इज्जतनगर