फतेहगंज पूर्वी। राजधानी सुपर फास्ट ट्रेन के आगे कूदकर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे एक युवक ने आत्महत्या आत्महत्या कर ली। युवक रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में बैठा था। जैसे ही ट्रेन उसके करीब आई झाड़ियों से निकलकर छलांग लगा दी। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि वह आसपास के ही किसी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है।
मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे 20504 नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी सुपरफास्ट बिलपुर से शाहजहांपुर की ओर जाने को गुजरी। राजधानी के लोको पायलट ने वॉकीटॉकी से एसएस को सूचना देकर बताया कि किलो मीटर संख्या 1268 के पोल 20 के करीब से ट्रेन गुजरी तो रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में बैठे एक युवक ने अचानक इंजन के सामने छलांग लगा दी। जब तक वह ट्रेन को रोक पाता उसके चिथड़े उड़ गए। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतक कत्थई कलर की टी शर्ट और जींस पहने था। उसकी उम्र करीब 35 साल है। उसके पास से किसी भी तरह का सूसाइड नोट या ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। दूसरी ओर लोगों में चर्चा थी कि मृतक की पैंट की जेब में रखा पर्स किसी ने गायब कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। ब्यूरो