बरेली। अखबार विक्रेताओं ने कई दिन से उनके बिल की फर्जी तरीके से उगाही करने वाले को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसकी पिटाई करके उसे प्रेमनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी।
जीतोड़ मेहनत करके मेहनत की कमाई खाने वाले अखबार विक्रेता काफी समय से एक शख्स से परेशान थे। वह ग्राहकों के घर जाकर खुद को संबंधित अखबार विक्रेता का परिजन या साथी बताकर उनसे हर महीने बिल का भुगतान ले आता था। बाद में ग्राहक असली अखबार विक्रेता को यह कहकर पेमेंट नहीं देते थे कि आपका भेजा हुआ साथी पेमेंट ले गया। कई दिनों तक चालाकी न समझ पाए अखबार विक्रेताओं ने कुछ दिन खुद ही जासूसी करके आरोपी का पता लगा लिया। वह शहर निवासी विनोद टंडन था। शुक्रवार सुबह आदत के मुताबिक जब विनोद बिल वसूलने निकला तो पहले से तैयार कुछ वेंडरों ने उसे पकड़कर पीट दिया। सूचना पर अखबार वितरक संघ के अध्यक्ष विमल पांडे भी पहुंचे गए। बाद में आरोपी को प्रेमनगर थाना पुलिस के हवाले करके हकीकत बताई गई। प्रेमनगर इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी विनोद टंडन के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अपनी ओर से ही उसका शांतिभंग में चालान करेगी।