बरेली। भाजपा के शासन में सपा जैसी दबंगई नवाबगंज नगर पालिका की चेयरमैन शहला ताहिर को उल्टी पड़ गई। बुधवार को बगैर पुलिस-प्रशासन का सहयोग लिए एक जमीन से कब्जा हटाने के दौरान बवाल होने के बाद कोतवाली में पुलिस के सामने एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो ऊपर तक पहुंचा तो अफसर हरकत में आ गए। एसपी देहात ने इंस्पेक्टर नवाबगंज को जमकर फटकार लगाई, साथ ही एफआईआर लिखने का निर्देश दिया। इसके बाद देर शाम नगर पालिका चेयरमैन शहला ताहिर के साथ उनके पति और बेटे समेत कई लोगों पर दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई। एसपी ने सीओ नवाबगंज को इंस्पेक्टर की भूमिका की भी जांच करने का निर्देश दिया है।
नवाबगंज के मोहल्ला इस्लामनगर की एक जमीन को शासन ने कई बरस पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कन्हैयालाल कपूर को 99 साल की लीज पर दिया था। अब इस पर उनके आश्रितों का हक है, लेकिन कस्बे के ही अमीर हसन और उनकी पत्नी शहनाज बेगम ने इसके कुछ हिस्से पर निर्माण कर लिया है। कन्हैया लाल कपूर के आश्रितों ने तो इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की, लेकिन बुधवार को अचानक नगर पालिका का स्टाफ इस जमीन को अपनी संपत्ति बताते हुए अमीर हसन का कब्जा हटाने पहुंच गया। नगर पालिका की ओर से न पुलिस साथ ली गई न प्रशासन को सूचित किया गया। कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा और मारपीट हुई। शहनाज बेगम ने पुलिस को तहरीर दी कि चेयरमैन शहला ताहिर के पति डॉ. मोहम्मद ताहिर अपने समर्थकों के साथ उनके घर आकर गालीगलौज की। विरोध करने पर उनके भाई अफसर को पीटा। वह उसे बचाने पहुंचीं तो उनसे भी मारपीट कर सोने के झुमके खींच लिए।
इस बवाल के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे तो वहां पुलिस के सामने चेयरमैन के समर्थकों ने अफसर को फिर पीट दिया। तमाम बवाल और कोतवाली में मारपीट के बावजूद पुलिस ने दोनों ओर से एनसीआर दर्ज कर मामला निपटा दिया। गुरुवार को कोतवाली में मारपीट का वीडियो लखनऊ तक अफसरों के मोबाइल पर पहुंचा। जिला मुख्यालय पर भी एसपी देहात डॉ. संसार सिंह को शहनाज से बदसलूकी और और थाने में उनके भाई की पिटाई का वीडियो दिखाया। इस पर उन्होंने इंस्पेक्टर नवाबगंज राजेश कुमार सिंह की जमकर फटकार लगाई। इसके बाद शहनाज की एनसीआर को रिपोर्ट में तरमीम कर दिया गया। इसमें शहला, उनके पति और कई अन्य का नाम है। थाने में शहनाज के भाई की पिटाई मामले में दरोगा मेवाराम की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहला के साथ पति और बेटा भी नामजद
दरोगा मेवाराम की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार शाम करीब बीस लोगों की भीड़ शहनाज और उसके भाई अफसर से मारपीट करते हुए थाने में घुस आई। पुलिस वालों ने भीड़ से अफसर को छुड़ाने की कोशिश की तो भीड़ पुलिस पर भी उग्र होकर धक्कामुक्की करने लगी। पुलिस के सामने भी उन लोगों ने मारपीट की। विरोध किया तो थाने में तोड़फोड़ भी कर दी। हमलावरों में चेयरमैन शहला, उनके पति डॉ. ताहिर, बेटा इलियास, खुर्शीद अहमद, आरिफ, लल्लू उर्फ राजीव सभासद, नईम सभासद आदि के साथ करीब 15 लोग शामिल थे। बमुश्किल वे शहनाज और अफसर को छुड़ा सके। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।
एसपी देहात बोले- तो कौन इज्जत करेगा पुलिस की
थाने में पुलिस के सामने मारपीट और इस मामले को अधिकारियों से छुपाने की घटना से एसपी देहात बेहद नाराज दिखे। उन्होंने मोबाइल पर ही इंस्पेक्टर को जमकर खरीखोटी सुना डालीं। कहा कि तुम्हारी मौजूदगी में थाने में मारपीट हो रही है और पुलिस मूकदर्शक बनी है। मारपीट नहीं रोक सके और मुकदमा भी नहीं लिखा। ऐसे हालात में पुलिस पर जनता कैसे भरोसा करेगी। वर्दी की क्या इज्जत रह जाएगी। शर्म आ रही हो तो कार्रवाई कर दो। तुम्हारी जांच में कराता हूं। अधिकारियों को भी सच से वाकिफ कराऊंगा।