हल्द्वानी। आरपीएफ की टीम ने कालाढूंगी रोड पर छापा मारकर बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को ई टिकट के साथ पकड़ लिया। उसके खिलाफ रेलवे के ई- टिकटों के अवैध कारोबार करने का आरोप है। उसके कब्जे से 1125 रुपये मूल्य का तत्काल टिकट बरामद किया है। टिकट 14 जून 2019 का है।
अपराध आसूचना शाखा इज्जतनगर के निरीक्षक मयंक चौधरी और आरपीएफ काठगोदाम के निरीक्षक रणदीप कुमार की टीम ने वार्ड नंबर नौ कालाढूंगी रोड निकट मुखानी चौराहा निवासी मानवेंद्र सिंह चौहान को हिरासत में ले लिया। आरोप था कि पकड़ा गया व्यक्ति ई टिकटों के अवैध कारोबार में लिप्त है। इस मामले में काठगोदाम पोस्ट पर धारा 143 रेल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट ठीक नहीं होने के कारण आरपीएफ ने अभी अन्य टिकटों को निकालने में असमर्थता जताई है। 10 अप्रैल को कारखाना बाजार में आरपीएफ की टीम ने छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था और अवैध टिकटों के धंधे का भंडाफोड़ किया था।
रेलवे के ई टिकटों का अवैध कारोबारी गिरफ्तार
कब्जे से 1125 रुपये मूल्य कातत्काल टिकट बरामद