बरेली। रुपयों को लेकर हुई कहासुनी के बाद आबकारी विभाग के बाबू ने शराब कारोबारी की पिटाई कर दी और पेपरवेट मारकर सिर फोड़ दिया। शराब कारोबारी ने कोतवाली में बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
भोजीपुरा क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी अंबा प्रसाद ने बताया कि उन्होंने नवाबगंज की ओसवाल चीनी मिल के पास औरंगाबाद गांव में देशी शराब की दुकान ली थी। दुकान का लाइसेंस भुता थाना क्षेत्र के भड़रिया गांव निवासी कमलापति के नाम है, जिसकी समय अवधि 31 मार्च 2019 को पूरी हो गई। लाइसेंस लेने के समय जमानत राशि के रूप में 4,75,300 रुपये जमा किए थे। अंबा प्रसाद के मुताबिक वह अपनी सिक्योरिटी के रुपये लेने लिए पिछले दो महीने से चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे वह फिर कचहरी के पास स्थित आबकारी विभाग कार्यालय गए। आरोप है कि कार्यालय में बैठे बाबू लक्ष्मण सिंह ने उन्हें देखते ही गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की और टेबल पर रखा शीशे का पत्थर फेंककर सिर में मारा। जान से मारने की धमकी दी। पत्थर लगने से अंबा प्रसाद घायल हो गए। वह गलत व्यवहार का वीडियो बनाने लगे तो बाबू लक्ष्मण सिंह ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद अंबा प्रसाद ने कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने बाबू लक्ष्मण सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।