मोहम्मदी। धौरहरा सांसद रेखा वर्मा पर कोतवाली मोहम्मदी के सिपाही श्याम सिंह द्वारा लिखाई गई रिपोर्ट की विवेचना अब पलिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी को सौंपी गई है। चार दिन के भीतर तीसरी बार विवेचना बदली गई है। ऐसा इसलिए किया गया ताकि विवेचना में निष्पक्षता पर सवाल न उठें।
नौ जून को सांसद रेखा वर्मा मोहम्मदी में एक स्वागत समारोह से अपने घर मकसूदपुर लौट रहीं थीं। तभी रास्ते में उन्होंने एस्कॉर्ट गाड़ी चला रहे सिपाही श्याम सिंह श्याम सिंह के थप्पड़ जड़ दिया था। सिपाही का कहना था कि वह इसका कारण समझ ही नहीं पाया, सांसद ने थप्पड़ मारते हुए इतना ही कहा था-ज्यादा नेता बनते हो। सिपाही अड़ने के बाद घटना के करीब 20 घंटे बाद 10 जून की शाम को सांसद के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, जान से मारने की धमकी आदि की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। पहले विवेचना रेहरिया के चौकी इंचार्ज उग्रसेन को सौंपी गई थी। अगले दिन ही ट्रांसफर होने पर एसआई कृपेंद्र सिंह ने विवेचना शुरू की। विवेचक ने तेजी दिखाते हुए पहला पर्चा भी काटा, लेकिन इस दौरान सिपाही सात दिन की छुट्टी लेकर घर चला गया।
उधर पुलिस के खिलाफ सांसद समर्थकों ने सोशल मीडिया पर जंग छेड़ दी। भाजपा संगठन भी सांसद के पक्ष में खड़ा हो गया। वहीं सिपाही ने थप्पड़ मारने की घटना एकदम सही बताते हुए लाई डिटेक्टर की जांच से गुजरने की बात भी कह डाली। इससे पुलिस के उच्च अधिकारियों के हाथ पैर फूलने लगे। मामला गरम होते देख एसपी के निर्देश पर इस मामले की विवेचना अब दूसरे थाने पलिया के निरीक्षक को सौंप दी गई है।
सांसद ने बनाई दूरी, मोबाइल भी नहीं उठा रहीं
सांसद रेखा वर्मा ने अब मामले को लेकर मीडिया से दूरी बना ली है। सांसद का फोन उनके समर्थक के पास है। गुरुवार को दिनभर सांसद से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन कभी उनकी लोकेशन भाजपा कार्यालय तो कभी संघ कार्यालय बताई जाती रही। हां, फोन उठाने वाला पहले भलीभांति समझने की कोशिश करता है। इस दौरान लगता है कि सामने से मिलने निर्देश के अनुसार वह सांसद की लोकेशन के साथ ही यह बता देता है कि अभी देर लगेगी, सांसद जी जरूरी मीटिंग में हैं। फिलहाल मामले को लेकर सांसद ने मीडिया से दूरी बना ली है।
कोतवाली मोहम्मदी में सांसद पर दर्ज कराई गई एफआईआर की विवेचना कोतवाली पलिया के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी को सौंप दी गई है। उन्होंने विवेचना शुरू भी कर दी है।- पूनम, एसपी