बरेली। पूलिस ने नकली मूसा का गुल दंत मंजन बेचने के आरोप में व्यापारी को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही श्यामगंज के तमाम व्यापारी थाने पहुंच गए। वहां कंपनी के अधिकारी भी थे। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के चलते पुलिस ने फैसला आने तक किसी भी दुकानदार या कंपनी पर कार्रवाई करने से मना दिया। इसके बाद व्यापारी को छोड़ दिया गया।
मूसा का गुल मंजन कंपनी के गुरमीत सिंह ने बारादरी पुलिस को तहरीर दी कि बाजार में नकली मंजन बेचकर कंपनी को नुकसान कर है। वह पुलिस के साथ श्यामगंज के अशोक एजेंसी पहुंचे। तलाशी लेने पर मंजन के काफी कार्टून बरामद हुए। पुलिस एजेंसी के प्रोपराइटर अशोक मूरजानी और दूसरी दुकान के व्यापारी अजय अग्रवाल को हिरासत में लेकर थाने ले आई। व्यापारियों के पकड़ने की सूचना पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी के नेतृत्व में मोहन लाल आहूजा, मनमोहन सब्बरवाल, जुगल सुखानी, लेखराज मोटवानी समेत तमाम व्यापारी थाना बारादरी पहुंच गए। दोनों ही कंपनियों के प्रतिनिधि भी वहां मौजूद थे। गुरमीत सिंह के साथ अन्य लोग भी थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई को कहा तो सभी गायब हो गए। जांच में पता चला कि मूसा का गुल दंत मंजन कोलकाता का है। दोनों भाइयों में बंटवारा होने के बाद वे एक दूसरे के मंजन को नकली ठहरा रहे हैं। यह मामला भी हाईकोर्ट में लंबित है। बारादरी इंस्पेक्टर कृष्णवीर सिंह ने बताया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। फैसला आने के बाद ही कोई कार्रवाई हो सकेगी। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस को तहरीर दी है। कार्रवाई न होने वह एसएसपी से मिलेंगे।