बरेली। शहर में चोरियों की वारदातें बढ़ गई हैं। चोरों ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंदिर को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। वहीं सुभाषनगर में धार्मिक यात्रा पर गए परिवार का घर खंगाल लिया।
प्रेमनगर में अशरफ खां छावनी में जय हनुमान मंदिर है। यहां मोहल्ले वालों के चंदे से सारी व्यवस्थाएं चलती हैं और रात में मंदिर बंद कर दिया जाता है। गुरुवार रात मंदिर में नल के सहारे दीवार फांदकर घुसे चोरों ने दानपात्र से करीब छह सौ रुपये, घंटे, इंवर्टर, बैट्री आदि चोरी कर ली। सुबह स्थानीय लोगों को चोरी का पता लगा तो रोष फैल गया। सुबोध व अन्य लोगों ने चौकी पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुआयना तो किया पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सुभाषनगर थाने में मढ़ीनाथ निवासी अनिल माहेश्वरी ने रिपोर्ट कराई है। बताया है कि वह परिवार के साथ ऋषिकेश और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा को गए थे। घर में ताला पड़ा था। चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और जेवर समेत काफी सामान चोरी कर लिया। इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट लिख ली गई है। चोरी गए माल की सूची पीड़ित परिवार ने बाद में देने को कहा है।