बरेली। कोचिंग से लौट रही नाबालिग बॉक्सर से संजय नगर में एक युवक ने छेड़खानी की। बॉक्सर के शोर मचाने पर लोग इकट्ठे हुए तो आरोपी धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर भी बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसएसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
17 वर्षीय महिला बॉक्सर के मुताबिक वह संजयनगर बॉक्सिंग सीखने जाती है। रोज की तरह वह बुधवार सुबह करीब आठ बजे बॉक्सिंग सीखकर घर लौट रही थी। रास्ते में उसे फरीदपुर के मोहल्ला लाइन पार मठिया का रहने वाला एक युवक मिल गया। उसने बॉक्सर को रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगा। उसके चीखने पर राहगीर इकट्ठे हो गए। तभी आरोपी धमकी देकर भाग गया। पीड़ित ने थाना बारादरी जाकर घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद वह पुलिस कार्यालय जाकर एसएसपी से मिली और पूरा मामला बताया। एसएसपी ने बारादरी थाना प्रभारी को घटना की जांचकर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आरोपी युवक संजयनगर में किराए पर रहता है।