प्रेमिका के घर रंगे हाथ पकड़े जाने पर एक छात्र ने कमरे के अंदर ही फंदे पर लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम कराया। यह मामला गांव में खासा चर्चा का विषय बना रहा।
क्षेत्र के गांव ढिलवारी का 22 वर्षीय योगेश बीए फाइनल का छात्र था। उसका पड़ोस की ही किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी के पिता की मौत हो चुकी है। वह विधवा मां और दो भाइयों के साथ रहती है। शुक्रवार रात किशोरी के दोनों भाई मजदूरी करने के लिए ऊना हिमाचल एक्सप्रेस से दिल्ली जाने को घर से निकले थे। दोनों को उनकी मां गांव के बाहर तक छोड़ने गई थी। इसी दौरान छात्र किशोरी से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया। किशोरी की मां वापस आई तो कमरे का दरवाजा बंद था। इस पर उसे शक हुआ तो उसने दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही योगेश चारपाई के नीचे छिप गया। उसे किशोरी की मां ने चारपाई के नीचे छिपा देखा तो बाहर से कमरे में ताला लगा दिया। महिला गांव के प्रधान और अन्य लोगों को बुलाने चली गई। इधर, कमरे में बंद छात्र ने पकड़े जाने पर बेइज्जती होने के डर से कमरे के अंदर ही किशोरी के दुपट्टे का फंदा कुंडे से बांधकर उस पर लटककर जान दे दी। जानकारी पर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाकर छात्र के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।