तुलसीनगर में बसपा मंडल कार्यालय के सामने चोरों ने बुटीक का शटर जैक से उठाकर और शोरूम के शीशे तोड़कर नगदी व कपड़े चोरी कर लिए। तोड़फोड़ की आहट पर परिवार के लोग जाग गए, जिस पर चोर फरार हो गए। बुटीक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भले ही चोरों ने दूसरी तरफ मोड़ दिया, लेकिन अंदर लगे सीसीटीवी में चोर नजर आ रहे है। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
तुलसी नगर के रहने वाले अशोक गंगवार नैनीताल रोड पर एक अस्पताल में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उनकी पत्नी अनीता गंगवार घर में ही बुटीक चलाती हैं। गुरुवार रात चोरों ने जैक से उनके बुटीक का शटर उठा दिया। इसके बाद अंदर के शीशे तोड़कर कपड़े और नकदी चोरी कर ली। कांच टूटने की आवाज पर परिवार वाले जाग गए। देखा तो बुटीक का सामान बिखरा और शीशे टूटे थे। बुटीक के मालिक नुकसान का पूरा आंकलन नहीं दे सके हैं। इसकी सूचना यूपी 100 को दी गई। पुलिस ने घटना का जायजा लिया। अनीता ने बताया कि तीन महीनों में उनके बुटीक में चार बार चोरी हो चुकी है, उनके मकान में ऊपर की मंजिल पर छात्र रहते हैं। लगातार चोरियों के बावजूद पुलिस उनकी कॉलोनी में गश्त नहीं बढ़ा रही है।