खूबसूरत हसीनाएं तोहफा भेजने के नाम पर कर रही ठगी
- फेसबुक और व्हाट्सएप पर संपर्क करके फंसाती हैं दोस्ती के जाल में
- दोस्ती के बाद भेजती हैं तोहफा, कस्टम ड्यूटी के नाम पर होती है ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक और व्हाट्सएप मैसेंजर दोस्ती के साथ ही ठगी का जरिया भी बन गया है। विदेशों में बैठे ठग खूबसूरत महिलाओं के फोटो लगाकर दोस्ती करते हैं और फिर उपहार भेजकर उसे छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी के नाम पर ठगी करते हैं। ऐसी ही कोशिश शहर के एक अधिवक्ता के साथ भी हुई लेकिन वह अपनी सूझबूझ से न सिर्फ बच निकले बल्कि ठगों को भी खासा छकाया।
शहर के अधिवक्ता राजेंद्र सिंह गांधी के पास एक खूबसूरत महिला ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया तो फेसबुक पर ही मेसेज आया और उस महिला ने अपना व्हाट्सएप नंबर शेयर करके गांधी का मोबाइल नंबर भी ले लिया। इसके बाद युवती ने बात आगे बढ़ाई हाय-हेलो के बाद हालचाल और मिस यू जैसे मेसेज आने लगे। इसके बाद युवती ने उन्हें कुछ तोहफे भेजने की बात कही और उन्हें कीमती बताते हुए कस्टम ड्यूटी अदा करने को कहा।
फंसने के बजाय ठग को छकाया
राजेंद्र सिंह गांधी ने बताया कि महिला के बताए अकाउंट नंबर में उन्होंने राशि जमा करने के बजाय बैंक की रसीद लेकर उस पर फर्जी मुहर लगाई और उसे महिला को व्हाट्सएप कर दिया। इसके बाद दो दिन तक तो महिला रुपये न मिलने की बात कहकर उनके संपर्क में रही, मगर जब उसे समझ आया कि मामला पकड़ गया तो वह व्हाट्सएप नंबर बंद कर गायब हो गई।
एयरपोर्ट पर कस्टम में फंसने के नाम पर भी ठगी
इन ठगों ने स्थानीय एजेंट भी बना रखे हैं। कई बार कहा जाता है कि आपका गिफ्ट दिल्ली एयरपोर्ट पर आ गया है और यह स्थानीय एजेंट संपर्क करके उसे छुड़ाने के लिए अकाउंट में राशि डालने को कहने हैं। अगर लोग उनकी बाताें में आते हैं तो ठगी हो जाती है।
वर्जन
ठग सोशल साइट्स पर फर्जी नामों से सक्रिय रहते हैं। लोगों को यह समझना चाहिए कि मुफ्त में कोई कुछ नहीं देता। अगर कोई अनजान फ्री में महंगा उपहार भेजने को ऑफर दे रहा है तो सतर्क करें। रुपयों के लेनदेन के मामले में तो विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
- रमेश भारतीय, एसपी क्राइम