मस्ती में निकले छात्रों ने कार से तीन वाहन रौंदे, पांच घायल
फेयरवेल पार्टी मनाकर लौट रहे थे, लल्ला मार्केट में घटना के बाद मची अफरातफरी
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। फेयरवेल पार्टी से मस्ती करके लौट रहे बारहवीं के छात्रों की तेज रफ्तार कार ने लल्ला मार्केट के पास खासा हड़कंप मचा दिया। फिल्मी स्टाइल में बजरी पर फिसलकर ई-रिक्शा समेत तीन गाड़ियों को रौंद दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी के मालिक समेत पांच घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अयूब खां चौराहे के पास स्थित एक होटल से रात में पार्टी करके निकले शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल के छात्र खासे सुरूर में थे। रात साढ़े दस बजे के करीब वे प्रेमनगर में लल्ला मार्केट से होकर निकले। उनकी ग्रैंड आई-टेन कार की गति काफी तेज थी। कार लल्ला मार्केट के सामने सड़क किनारे पड़ी बजरी के ढेर पर चढ़कर उछली और एक कार के अगले हिस्से पर जा गिरी। इसके बाद भी कार रुकी नहीं, बल्कि एक ई रिक्शा से टकराकर बाइक पर चढ़ गई। हादसे के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया। इसमें ई रिक्शा ड्राइवर जोगी नवादा का इरशाद, उसमें बैठे जौनपुर के नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। नंदलाल लुधियाना से बिहारीपुर में रहने वाले अपने मामा के घर जा रहे थे। बाइक खाने की होम डिलीवरी करने वाली कंपनी की थी। इसके दो कर्मचारी जगतपुर के समीर और वसीम भी घायल हुए। बाइक पर आने के बाद कार रुकी तो कार सवार पांच लड़के फरार हो गए। इनके एक साथी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया जो अपने मामा की कार लेकर आया था। घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। तत्काल ही प्रेमनगर थाने से इंस्पेक्टर बलवीर सिंह स्टाफ को लेकर पहुंच गए। उन्होंने जाम खुलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों से तहरीर लेकर कार सवार छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।