टॉप कैरेट ज्वेलरी शोरूम से एक करोड़ की लूट के मास्टर माइंड सतनाम की पंजाब में लोकेशन मिलने के बाद पुलिस की टीम ने वहां डेरा डाल दिया है। आईजी ध्रुवकांत ठाकुर ने बताया कि सतनाम पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पीलीभीत हाईवे पर स्थित टॉप कैरेट ज्वेलरी शोरूम से चार जून को बदमाशों ने एक करोड़ के जेवरात लूट लिए थे। पुलिस ने सुभाषनगर में रहने वाले ऑटो ड्राइवर शंकर को पकड़कर घटना खुलासा किया था। इसके बाद पंजाब से निर्मल को पकड़ा गया। लूट में शामिल मनोज शाहजहांपुर में एक दूसरे मामले में सरेंडर करके जेल चला गया। पुलिस ने उसको रिमांड पर लेकर 16 लाख रुपये के जेवर बरामद किए थे। फरार चल रहे मास्टर माइंड सतनाम और राजेश उर्फ झंडू की पुलिस लगातार तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सतनाम की लोकेशन मिल गई है। उसका अड्डा भी पता चल गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों ने पंजाब में डेरा डाल दिया है।