परिजनों ने पकड़ा तो प्रेमी को बताया लुटेरा
बरेली। एक महिला के परिजनों ने उसके प्रेमी को देर रात घर में पकड़ लिया तो वह लूट का आरोप लगाते हुए शोर मचाने लगी। इसके बाद प्रेमी को आरोपी बताकर पुलिस से पकड़वा दिया। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर उसे जेल भेजा।
कोतवाली क्षेत्र स्थित मुख्य डाकघर के पास रविवार रात करीब ढाई बजे एक महिला अचानक चोर चोर का शोर मचाते हुए भागी। शोर सुनकर वहां खड़े ट्रकों के चालक और हेल्पर इकट्ठे हो गए। पूछने पर महिला ने उसके साथ हुई लूट की घटना बताई। महिला के मुताबिक देर रात एक युवक ने उनका नाम लेकर दरवाजा खुलवाया। आरोप है कि दरवाजा खोलने पर वह अभद्रता करने लगा और उनके कुंडल लूट लिए। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर भाग निकला। वहीं एक ट्रक में बैठा हाफिजगंज के गांव फैजुल्लापुर निवासी राज वाल्मीकि सामने आया तो महिला ने उसी को आरोपी बताया। महिला की शिकायत पर पहुंची यूपी 100 पुलिस उसे थाने ले आई। छानबीन में उसके पास से कोई कुंडल बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने बताया की मामला प्रेम प्रसंग का है। महिला के परिजनों ने उसे घर में देख लिया तो वह आरोप लगाने लगी।