बरेली। ईट पजाया चौराहा के पास एक दुकान का शटर गिराकर लाखों की सजी जुए की फड़ पर छापामारी करके जुआरियों को पकड़ लिया। पुलिस ने दावा किया कि 13 जुआरियों को पकड़कर एक लाख रुपये बरामद किए हैं, लेकिन देर रात थाने में मौजूद लोगों का कहना था कि 18 लोगों को फड़ पर जुआ खेलते पकड़ा गया था। पांच जुआरियों को छोड़ने के एवज में हजारों रुपयों का खेल हो गया। एक चर्चा यह भी रही कि फड़ पर करीब 20 लाख रुपये थे, लेकिन बरामदगी मात्र एक लाख रुपये की दिखाई गई।
मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज सुपेंद्र मलिक के मुताबिक दुकान के अंदर जुए की फड़ की प्राथमिक सूचना उनके पास आई थी। श्यामगंज चौकी के प्रभारी राकेश कुमार समेत थाने की फोर्स मंगवाने के बाद उन्होंने छापामारी की। जुआरियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ लिए गए। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक बीडीए कॉलोनी के विनोद कुमार, कटरा चांद खां के हनी, जगतपुर के मो. आरिफ, मोहल्ला बलजति निवासी अवधेश, संजयनगर के दिनेश, ईट पजाया चौराहा के मो. आरिफ, मो. शकील, मो. सलीम, एजाज नगर गौटिया के इकरार हुसैन, शान मोहम्मद, प्रेमनगर निवासी नाजिम, नई बस्ती के सलीम, फरीदपुर के अरबाज को पकड़ा गया।
बिना नंबर की स्कूटी पर खेलने आए थे जुआ
पुलिस ने दुकान के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी जब्त किया। तीन बिना नंबर की नई स्कूटी भी जुआरियों से मिली है। जुआरियों की पैरवी में तकरीबन पूरी रात परिवार के लोगों का मजमा थाने के बाहर लगा रहा। कुछ सेटिंग में कामयाब रहे, बाकी के जुआरियों को बुधवार को जेल भेजा गया।
इस तरह के आरोप अक्सर लगते हैं। कई बार जुआरी ही चीजों को बढ़ाचढ़ाकर बताते हैं। आरोपों के मुताबिक जांच करा ली जाएगी। - अभिनंदन, एसपी सिटी