बरेली। कैंट के कांधरपुर निवासी एक विवाहिता की मौत के पांच दिन बाद पिता ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पोस्टमार्टम में बीमारी से मौत की बात आने के बाद उस वक्त दोनों पक्षों का समझौता हो गया था। भोजीपुरा के गांव वीरपुर निवासी बाबूराम ने बेटी निकलेश के ससुरालवालों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट कैंट थाने में दर्ज कराई है। इसमें बेटी के पति धर्मपाल, जेठ ऋषिपाल, भाभी विमला, गुड्डू और नरेश को नामजद कराया गया है। बाबूराम ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले बेटी निकलेश की शादी कांधरपुर निवासी धर्मपाल से कराई थी। शादी के बाद ससुरालवाले दहेज में दो लाख नकद और सोने की चेन मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की दो जनवरी को हत्या कर दी गई। हत्या के बाद ससुरालवाले उसका शव घर में ही छोड़कर भाग गए थे। रिपोर्ट में देरी के बाबत इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि बीमारी से मौत की पुष्टि के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। लड़की पक्ष के लोग कुछ सामान भी साथ ले गए थे। बाद में उन्होंने तहरीर दी तो रिपोर्ट लिख ली गई है।