भ्रूण हत्या में डॉक्टर को गिरफ्तार किया हरियाणा पुलिस ने
शाहजहांपुर। कच्चा कटरा मोड़ के पास स्थित सत्यानंद अल्ट्रासाउंड सेंटर पर शुक्रवार दोपहर हरियाणा पुलिस ने छापा मारकर भ्रूण हत्या के मामले में डॉ. सत्यप्रकाश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। गुरुग्राम पुलिस डॉक्टर के साथ दो अन्य लोगों को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज के साथ ले गई।
शुक्रवार को डॉ. सत्यप्रकाश मिश्रा अपने अल्ट्रासाउंड सेंटर में थे तभी अचानक तीन गाड़ियां आकर रुकीं। दो गाड़ियों में पुलिसकर्मी थे और एक गाड़ी में एक लड़की का परिवार था। सेंटर में पुलिस पहुंचते ही खलबली मच गई। पुलिस ने डॉ. मिश्रा को हिरासत में ले लिया और सेंटर से मेडिकल से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए। फिर पुलिस टीम डॉक्टर को लेकर चौक कोतवाली पहुंची।
बताते हैं कि तभी पीछे से भाजपा के एक नेता भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और डॉक्टर को छोड़ने का दबाव बनाने लगे। इस पर पुलिस टीम ने उन्हें कोर्ट का वारंट दिखाकर छोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस उन्हें लेकर हरियाणा चली गई। पुलिस दो अन्य लोगों को भी ले गई है। हालांकि स्थानीय पुलिस इस मामले में कुछ भी जानकारी होने से इंकार कर रही है।
गुरुग्राम के शिवनगरा थाने में दर्ज है मामला
बताया जा रहा है कि डॉ. सत्यप्रकाश मिश्रा समेत दो लोगों के खिलाफ हरियाणा के जिला गुरुग्राम के शिवनगरा थाने में एक युवती ने भ्रूण हत्या का मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में वारंट के आधार पर गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक दिन पहले ही यहां डेरा जमा लिया था।