बरेली। कालीबाड़ी में पल्लेदार की हत्या के मामले में फरार एक आरोपी की गिरफ्तारी की मांग लेकर वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल के घर जा रहे पल्लेदार के परिवार वालों को बारादरी पुलिस ने रविवार को रोक दिया। इससे नाराज परिजनों ने मोहल्ले के लोगों के साथ जमकर हंगामा किया और जाम लगाने की कोशिश की। शाम को पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्की को हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया।
घर के सामने शराब पीने का विरोध करने पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे कालीबाड़ी निवासी पल्लेदार नन्हे को मोहल्ले के ही विक्की उर्फ विवेक, छोटू उर्फ नरेश और श्याम पास की गली में खींच ले गए। इसके बाद विक्की पास में ही रहने वाली बहन के घर से चाकू ले आया और नन्हें के पेट, कूल्हे, गर्दन आदि पर ताबड़तोड़ वार करके जख्मी कर दिया। गंभीर हालत में नन्हे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार सुबह करीब सात बजे उसकी मौत हो गई। घटना वाली रात में ही पुलिस ने छोटू और श्याम को गिरफ्तार कर लिया, मगर मुख्य आरोपी विक्की हाथ नहीं आया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों ने नन्हें का शव सड़क पर रखकर कालीबाड़ी में जाम लगा दिया। विक्की की गिरफ्तारी, उसकी बहन को नामजद करने और मुआवजे की मांग। पुलिस ने जैसे-तैसे मामला रफा-दफा कराया। इसके बाद रविवार को जब परिवारवालों को वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल के घर में मौजूद होने की खबर मिली तो वे कुछ लोगों के साथ उनसे मिलने जाने लगे। सूचना पर बारादरी पुलिस पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस पर उन्होंने हंगामा किया और जाम लगाने की कोशिश की। शाम को पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बरेली कॉलेज के पिछले गेट के पास कूड़े में दबा आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया।