अश्लील मेसेज भेजने वाले फौजी को
कराया गिरफ्तार, पीड़िता बयान में मुकरी
बरेली। महिला को बार-बार फोन करने और अश्लील मेसेज भेजने वाले फौजी को महिला ने पति की मदद से जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। बाद में जब पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए तो वह मुकर गई। कैंट के जाट सेंटर में एक क्लर्क अपने परिवार के साथ मैप लाइन क्वॉर्टर में रहता है। क्लर्क की पत्नी के मोबाइल पर एक फौजी दिन में कई बार फोन करता और अश्लील मेसेज भेजता। महिला एक नंबर ब्लॉक करती तो दूसरे नंबर से अश्लील मेसेज आने लगते। शनिवार को महिला अपने पति के साथ बीआई बाजार में शॉपिंग कर रही थी। इसी बीच पति किसी काम से दूसरी दुकान पर चला गया तो आरोपी फौजी ने पीछे से आकर महिला का हाथ पकड़ लिया। उसका कहना था कि वह इतने फोन करता है लेकिन वह कोई जवाब क्यों नहीं देती। महिला ने शोर मचाया तो उसका पति आ गया। उसने लोगों की मदद से फौजी को पकड़कर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट भी दर्ज कर ली। मगर जब थाने में पीड़िता के बयान लिए गए तो घटना से मुकर गई। कैंट इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के 164 के बयान दर्ज करके मुकदमे को समाप्त कर दिया जाएगा।