आईएमए के बाहर खून की दलाली करने वाले को संजू कश्यप निवासी संजयनगर गौसाई गौटिया को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को पकड़कर एफआईआर दर्ज की। संजू ने बताया कि वह सिर्फ आईएमए में खून लेने के लिए आने वालों को डमी डोनर देता था। डमी डोनर नहीं मिलने पर उसकी दुकान पर आने वाले आम लोगों को रुपयों का लालच देकर खून देने के लिए राजी करता था। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस ने आईएमए के अंदर की सेटिंग को नहीं छेड़ा है। सिर्फ बाहर सक्रिय दलाल को पकड़ा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संजू ने पुलिस के सामने कुछ और दलाल व डमी डोनर के नाम खोले हैं। पुलिस के मुताबिक जल्द कुछ और लोगों की धरपकड़ भी होगी। संजू के मुताबिक उसके निशाने पर खून के लिए आईएमए तक आने वाले लोग होते हैं। उसके संपर्क में कई डोनर रहते हैं, अगर जरूरत पड़े तो फोन करके वह डोनर की व्यवस्था कर देता है। कई मामलों में दलाल ब्लड ग्रुप की भी गारंटी लेता है। अगर ब्लड की जरूरत ज्यादा हो तो खून के दाम भी बढ़ जाते हैं। खून के काले कारोबार की सेटिंग खून के लिए आने वाले की जरूरत देखकर तय की जाती थी। पुलिस संजू से पूछताछ के जरिये उसके रैकेट को खोलने में जुटी हुई है।