नवाबगंज। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुए महिलाओं के झगड़े को छुड़ाने गए किशोर को एक पक्ष के युवक ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर को घरवालों ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, हमला कर युवक फरार हो गया। पुलिस ने घायल की भाभी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है साथ ही तमंचा और बाइक बरामद किया है।
रिछोला चौधरी गांव के राकेश कुमार और टीकाराम का मकान पास-पास हैं। आरोप है कि राकेश के भाई सुरेश की पत्नी किरन के साथ उनके ही पड़ोसी आत्म प्रकाश पुत्र टीकाराम ने विगत महीने अभद्रता कर दी थी। पड़ोस का मामला होने के चलते गांव के लोगों ने दोनो परिवारों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। इसी मामले को लेकर दोनो परिवारों की महिलाओं में गुरुवार को नोकझोंक होने लगी। देखते देखते ही महिलाओं में मारपीट शुरू हो गई। महिलाओं को झगड़ते देख राकेश कुमार पक्ष का सुनील (17) कुमार पुत्र गंगाराम उन्हें बचाने लगा। इसी बात से नाराज आत्मप्रकाश ने जेब से तमंचा निकालकर सुनील पर फायर कर दिया। गोली सुनील के दायीं ओर पेट में लगी। परिजन आनन फानन में उसे अस्पताल ले गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घटना की रिपोर्ट राजकुमारी ने आत्म प्रकाश के खिलाफ थाना नवाबगंज में दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही है।