उझानी (बदायूं)। अहीरटोला मोहल्ले में बुधवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। दो घरों में वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। तीसरे घर में उन्होंने बैग से 1.75 लाख रुपये निकाल लिए लेकिन जैसे वे वहां से निकले आहट होने पर जागे मकान मालिक के बेटे ने शोर मचाया तो वे हवाई फायर करते हुए भाग गए।
चोरी की घटनाएं बुधवार रात करीब दो बजे हुई। अहीरटोला मोहल्ला निवासी ऋषिपाल यादव के घर में दीवार फांदकर चोर घुस गए। उस वक्त मकान मालिक, उनका बेटा अनिल बरामद में सो रहे थे। कमरे का दरवाजा खुला था। चोरों ने कमरे में बैग में रखे 1.75 लाख रुपये निकाल लिए। आहट हुई तो अनिल जाग गया और उसने शोर मचा दिया। ऐसे में कमरे से निकलकर चोर बाईपास की ओर भागे। अनिल पीछे भागा पर चोर पकड़ में नहीं आ पाए। भागते समय चोरों ने हवाई फायर भी किया। शोरगुल पर आसपास इलाके में कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
इससे पहले चोर शिवम सक्सेना और शिशुपाल यादव के घरों में घुसे। शिवम ने बताया कि चोरों के घर में घुसने की आहट पर उसने शोर मचा दिया, जिससे वे भाग गए। शिशुपाल के घर से भी चोरों को कमोबेश ऐसे ही खिसकना पड़ा। सूचना के बाद रात में ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। अनिल यादव ने बृहस्पतिवार सुबह कोतवाली पहुंचकर तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने आसपास इलाके के लोगों से जानकारी की।