दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां में सोमवार रात चोरों ने एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान को निशाना बनाया। चोर शटर तोड़कर दुकान से हजारों का सामान चोरी करके ले गए। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत दहगवां निवासी शशांक वार्ष्णेय की कस्बे में ही बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। रोजाना की तरह शशांक सोमवार रात अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात किसी वक्त चोरों ने दुकान का शटर तोड़ लिया और उसमें घुस गए। चोर दुकान में रखी एक एलईडी और पांच हजार रुपये चोरी करके ले गए। सुबह शशांक वार्ष्णेय अपनी दुकान पहुंचे। तब उन्होंने शटर टूटा देखा। अंदर दुकान में सारा सामान फैला हुआ पड़ा था। दुकान से एलईडी और नकदी चोरी हो चुकी थी। इस पर उन्होंने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए दुकानदार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।