बदायूं। सहकारी क्षेत्र की शेखूपुर चीनी मिल के रिटायर्ड कर्मचारी अब जीएम का घेराव करेंगे। रिटायर्ड कर्मचारियों को मालवीय आवास पर देयकों के भुगतान की मांग को लेकर धरना देते हुए चार माह से ज्यादा हो गए हैं लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
शेखूपुर चीनी मिल के 125 से ज्यादा कर्मचारी ऐसे हैं जिनको सेवानिवृत्त हुए तीन से चार वर्ष बीत चुके हैं। इसके बाद भी इन कर्मचारियों के फंड, नकदीकरण, ग्रेच्युटी आदि का भुगतान नहीं हो सका है। आर्थिक तंगी के कारण इलाज न मिलने से तीन बुजुर्ग कर्मचारियों की मौत भी हो चुकी है। भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारी 128 दिन से मालवीय आवास पर धरना दे रहे हैं। मंगलवार को भी धरना जारी रहा। कर्मचारियों ने अब देयकों के भुगतान की मांग को लेकर मिल के जीएस के घेराव की तैयारी शुरू कर दी है।
मंगलवार को भागवती, मुन्नी देवी, दोदराम, अतीक अहमद, रामचंद्र, रक्षपाल, सियाराम, असरार अहमद, विनोद कुमार, मुन्ना लाल, श्यामपाल आदि कर्मचारी धरने पर बैठे। संवाद