झारखंड के अफीम तस्कर मामा-भांजे को एसटीफ ने गुरुवार रात रेलवे जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आंवला के तस्कर को देने के लिए चार किलोग्राम अफीम लेकर यहां पहुंचे थे।
एसटीएफ ने उन्हें गंगा-सतलज एक्सप्रेस के एसी कोच से उतरते ही दबोच लिया। अफीम को इंकलेट के सहारे पैरों से बांधकर उसके ऊपर क्रेप बेंडेज बांध रखी थी।
एसटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी अजयपाल सिंह को सूचना मिली कि दो तस्कर झारखंड से अफीम लेकर बरेली आ रहे हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे टीम ने जंक्शन के बाहर मनोरंजन सदन पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों गंगा सतलज ट्रेन के एसी थ्री टायर कोच में रिजर्वेशन कराकर आए थे।
टीम दोनों को पकड़कर अपने दफ्तर ले गई। इनमें से एक ब्रह्मदेव दांगी तो दूसरा उसका भांजा धर्मपाल कुमार था, दोनों ही झारखंड के जिला चतरा थाना पथलगड़ा अंतर्गत गांव तितरिया के निवासी थे। दोनों ने इंक्लेट के सहारे चार किलोग्राम अफीम को पैरों से बांध रखा था।
ऊपर से क्रेप बेंडेज लपेट रखी थी। टीम ने तस्करों से दो मोबाइल, 2430 रुपये और कई बैंकों के पांच एटीएम बरामद हुए। एसटीएफ की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट कराकर दोनों को जेल भेज दिया गया। एसटीएफ प्रभारी अजय पाल ने बताया कि इन दोनों को जंक्शन के बाहर आंवला के एक तस्कर को अफीम देनी थी।