फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भमोरा में फिर पकड़ी टैंकरों से तेल चोरी, दो गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने छापा मारा तो भाग निकले कई तस्कर, मौके से दो टैंकर, तीन केन और क्षेत्रीय सांसद लिखी बुलेट बरामद

भमोरा। बरेली-आंवला रोड पर टैंकरों से तेल (डीजल-पेट्रोल) चोरी का काम लगातार जारी है। सोमवार को पुलिस ने छापा मारकर टैंकरों से तेल चोरी कर रहे दो तस्करों को पकड़ लिया। मौके से दो टैंकर, तीन केन, एक बुलेट बाइक बरामद हुई। हालांकि इस दौरान करीब सात तस्कर पुलिस को गच्चा देकर भाग गए। बुलेट की नंबर प्लेट पर क्षेत्रीय सांसद लिखा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन

सोमवार शाम करीब चार बजे पुलिस को आंवला-भमोरा मार्ग पर कुड्ढा गांव के पास दो टैंकरों से तेल चोरी होने की सूचना मिली। पुलिस पहुंची तो दो टैंकर से तस्कर तेल निकाल रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे। घेराबंदी कर दो को पकड़ लिया गया। इनकी पहचान विशन यादव निवासी रिठौरा और चुन्नालाल निवासी नेकपुर के रूप में हुई। दोनों टैंकर के चालक हैं। पूछताछ में उन्होंने कुड्ढा गांव में यूनुस की देखरेख में गोदाम होने की बात कही। पुलिस पहुंची तो यूनुस ने किसी प्रकार की जानकारी होने से इनकार कर दिया। वहीं पुलिस के अनुसार टैंकर से छह से सात सवारियों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
इस संबंध में भमोरा एसओ श्याम सिंह ने बताया कि दो टैंकर और तेल की तस्करी के धंधे से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें चालकों की मिलीभगत से तेल चोरी का मामला सामने आ रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

सप्लाई विभाग ने तेल का सैंपल भरा

पुलिस की सूचना पर थाने पर पहुंचे सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर ललित श्रीवास्तव ने टैंकरों से डीजल-पेट्रोल का सैंपल भरा। इंस्पेक्टर ने बताया कि टैंकरों में डीजल-पेट्रोल के साथ हवाई जहाज के ईंधन (एटीएफ) को चोरी कर उसे बेचने का अवैध धंधा होता है।
विज्ञापन

भमोरा में लंबे समय से चल रहा खेल

आंवला स्थित पेट्रोलियम कंपनियों के डिपो से आने वाले तमाम टैंकर से भमोरा में तेल चोरी किया जाता है। ड्राइवरों की मिलीभगत से यहां यह खेल लंबे समय से चल रहा है। पिछले दिनों इस खेल में शहर के एक बड़े व्यापारी का नाम भी आया था और रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। उसके बाद कुछ समय के लिए यह खेल रुका और अब फिर शुरू हो गया है।

पकड़ा गया था एटीएफ चोरी का मामला

शुक्रवार रात इज्जतनगर पुलिस ने पीलीभीत रोड स्थित बेदी हॉल के पास दबिश दी थी। यहां ड्राइवर और हेल्पर टैंकर से एटीएफ चोरी कर रहे थे। मौके से दो ड्रमों में करीब डेढ़ सौ लीटर तेल मिला था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें