सीबीगंज (बरेली)। पुलिस प्रशासन की लाख कोशिश के बाद भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दो समुदायों के युवकों ने फेसबुक पर मंदिर-मस्जिद संबंधी आपत्तिजनक पोस्ट कर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।
पहला मामला क्षेत्र के मथुरापुर गांव का है। वहां रहने वाले ललित साहू ने अयोध्या फैसले पर मंदिर के संबंध में दूसरे समुदाय पर अभद्र टिप्पणी करते हुए फेसबुक पर पोस्ट डाल दी। इससे वहां का माहौल गरमा गया। पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी हुई तो तुरंत ही ललित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसके बाद तिलियापुर गांव में रहने वाले अनीस रजा ने हिमांशु की पोस्ट के विरोध में ऐसी ही पोस्ट डाल दी। इसमें राम मंदिर पर फैसले के खिलाफ टिप्पणी की गई थी। जब इसकी भनक दूसरे समुदाय के लोगों को लगी तो वह भड़क गए और पुलिस को सूचना दे दी। बाद में अनीस रजा के खिलाफ भी पुलिस ने रिपोर्ट लिख ली। पुलिस ने देर शाम अनीस रजा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ललित साहू की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मुख्तार अंसारी के प्रशंसक अयूब को भेजा जेल
अयोध्या प्रकरण पर फैसले और मुख्य न्यायाधीश पर फेसबुक पर कमेंट करने वाले कलक्ट्रेट कर्मचारी के बेटे अब्दुल कयूम अंसारी को सोमवार को बारादरी पुलिस ने जेल भेज दिया। एसएसपी के आदेश पर रविवार को ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी आईडी को ब्लॉक कर दिया गया है और फेसबुक मुख्यालय से उसकी रिपोर्ट भी मांगी गई है। पशुपति विहार कॉलोनी निवासी कयूम ने मुख्य न्यायाधीश और फैसले के विरोध में कई पोस्ट डाली थीं। इनमें मुख्तार अंसारी और शहाबुद्दीन को आदर्श मानकर युवाओं की भावनाएं भड़काने की कोशिश की गई थी।