बरेली। बेटी की शादी तय कर बाइक से घर लौट रहे दंपति को सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना से परिजनों ने रास्ता जाम कर एहलादपुर चौकी का घेराव कर लिया। हंगामे की सूचना पर सीओ थर्ड पीपी सिंह भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया।
इज्जतनगर के गांव चितुपुरा निवासी 45 वर्षीय हरप्रसाद उर्फ छोटेलाल पत्नी के साथ शुक्रवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में रूपापुर गांव में सामने से आ रही तेज रफ्तार डस्टर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना एहलादपुर चौकी पर दी। गांव में रहने वाले हरप्रसाद के भांजे योगेश को सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दंपति को सौफुटा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने हरप्रसाद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए गांव वालों ने सड़क जाम कर चौकी का घेराव कर लिया। मौके पर पहुंचे सीओ थर्ड ने भीड़ को शांत कराया। बताया कि टक्कर में कार की नंबर प्लेट टूट कर गिर पड़ी थी। इससे कार के मालिक का नाम विनोद कुमार पता चला।
मौके पर जाते वक्त सीओ की कार भी भिड़ी
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद भीड़ इकट्ठी होना और एहलादपुर चौकी के घेराव की सूचना पर सीओ पीपी सिंह भी मौके पर पहुंचने को निकले। पीलीभीत बाईपास पर बीसलपुर रोड की तरफ मुड़ रही एक एंडेवर कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारी और भाग निकली। सीओ के चालक ने तुरंत पीछे लगकर कार को रोक लिया। नशे में होने की आशंका पर चालक का मेडिकल कराया गया। रुहेलखंड चौकी लेजाकर कार सीज करा दी गई।