बरेली। मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी के एडिट फोटो व्हाट्सएप ग्रुपों पर वायरल करके कुछ लोगों ने बड़ी शरारत की है। अश्लील बनाए गए फोटो पर फरहत का मोबाइल नंबर डालकर कॉल करने की पेशकश की गई है। इसके बाद धड़ाधड़ आ रहे कॉल्स से आहत फरहत ने सीओ टू सीमा यादव को नई शिकायत दी है। इसे उनके पुराने मामले में जोड़ा जाएगा।
फरहत नकवी के मुताबिक शुक्रवार रात से लगातार आ रही अंजान कॉल्स से वे असहज हो गईं। नार्मल कॉल्स के साथ ही व्हाट्सएप से ऑडियो और वीडियो कॉल आ रही थीं जिसमें लोग उनसे गलत तरीके से बात कर रहे थे। जब उन्होंने इनमें से कुछ लोगों को लताड़ा तो वह सीधी बात करने लगे। उन्हीं ने बताया कि कई व्हाट्सएप ग्रुपों पर उनका नंबर भद्दे कमेंट्स के साथ पड़ा है। कई ग्रुप में उनकी एडिट की गई फोटो भी पड़ी हैं। फरहत ने सीओ टू और किला इंस्पेक्टर डीसी शर्मा को इस घटनाक्रम के बारे में बताया। उन्होंने शक जताया कि उनके पुराने दुश्मन भी इस घटनाक्रम के पीछे हो सकते हैं। इंस्पेक्टर ने फरहत से मिलकर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सीओ ने कहा कि जितने गलत मेसेज और कॉल आ रही हैं, उन नंबरों की एक लिस्ट बना लें और इंस्पेक्टर को दे दें। उनके आईटी एक्ट के पुराने मामले में इनको भी शामिल कर दिया जाएगा। फरहत नकवी ने इनकी लिस्ट बनानी शुरू कर दी है।
- फरहत नकवी ने अंजान नंबरों से गलत कॉल और मेसेज आने की शिकायत की है। उनसे नंबरों की सूची लेकर पुराने मामले में जोड़ लिए जाएंगे। इन लोगों को ट्रेस करके इनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। - सीमा यादव, सीओ टू