बरेली। किला रोड पर सिटी स्टेशन के सामने बने एक इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल परिसर में पड़े कूड़े में आग लग गई। परिसर से ऊंची लपटें और धुआं उठा तो राहगीर सहम गए, जिसके चलते गाड़ियां रुकीं तो सड़क पर जाम भी लग गया। मौके पर पहुंची दमकल और थाना पुलिस ने कर्मचारियों की मदद से आग बुझाई फिर जाम खुलवाया गया।
किला क्षेत्र में सिटी स्टेशन के सामने मलूकपुर मोड़ पर एक पुरानी बिल्डिंग में एक इंजीनियरिंग कॉलेज का हॉस्टल चलता है। कुछ समय से वहां काम चलते रहने के कारण परिसर में कूड़ा और लकड़ी के टुकड़े जमा थे। किसी तरह शनिवार दोपहर उस कूड़े के ढेर में आग लग गई। अचानक परिसर से ऊंची लपटें निकलती देख वहां अफरातफरी मच गई। सड़क पर चल रहे वाहन भी रुक गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जाम के कारण दमकल को भी मौके तक पहुंचने में काफी वक्त लग गया। कूड़े में लगी आग बुझाने के बाद पुलिस कर्मियों ने जाम भी खुलवाया।