अमेरीका में रहकर व्यवसाय कर रहे नगर निवासी खड़क सिंह को उनके इकलौते पुत्र की हत्या करने की धमकी देकर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। इसके लिए कई बार वहां फोन किया गया। इतना ही नहीं व्यवसायी की पत्नी को डराने के लिए व्हाट्सएप पर एक डरावनी वीडियो भी भेजी गई।
शिकायत मिलने पर एसपी के निर्देश पर सर्विलांस की मदद से फिरौती मांगने वाले तीन बदमाशों को ट्रेस कर शुक्रवार सुबह पूरनपुर पुलिस ने गड़वा खेड़ा नदी पुल के पास से तमंचा, कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। इस बात का खुलासा आज यहां एक पत्रकार वार्ता में एसपी मनोज सोनकर ने किया।
नगर की सिटी सेंटर कॉलोनी निवासी फार्मर गगनप्रीत सिंह के पिता खड़क सिंह अमेरिका के न्यू जर्सी शहर में रहकर व्यापार करते हैं। उनके कई बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर हैं। खड़क सिंह को 30 अगस्त को फोन कर उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी ना देने पर उनके इकलौते पुत्र गगनप्रीत की हत्या करने की धमकी दी गई।
पांच सितंबर को फिर फोन पहुंचा तो पिता के कहने पर गगनप्रीत ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लेकर दो टीमें गठित कीं। सर्विलांस की मदद से तीन बदमाशों को पकड़ लिया गया। घटना का मास्टरमाइंड व्यवसायी की पत्नी का सगा चचेरा भाई खुटार (शाहजहांपुर) थाना क्षेत्र के गांव हीरपुर निवासी कुलदीप सिंह निकला। उसके दो अन्य साथी पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव किरतपुर निवासी हरप्रीत सिंह और खुटार थाना क्षेत्र के गांव प्रसादपुर निवासी गरनदीप सिंह हैं। तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है।