बरेली में सेपक टाकरा खेल के प्रति शहर के खिलाड़ियों का रुझान बढ़ा है। कैंट स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्र (साई सेंटर) में 100 से ज्यादा खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं। इसमें 18 पुरुष खिलाड़ी छात्रावास में रहकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वहीं, छह पुरुष खिलाड़ी डे-बोर्डिंग स्कीम के तहत अभ्यास कर रहे हैं। बाकी खिलाड़ी शहर के हैं, जो आस-पास के इलाकों से प्रशिक्षण लेने आते हैं। पिछले साल यहां 80 खिलाड़ी ही अभ्यास करने आते थे।
स्टेडियम में खिलाड़ी प्रतिदिन दो पालियों में प्रशिक्षण लेते हैं। कोच बीए शर्मा ने बताया कि केंद्र से अब तक 300 से ज्यादा खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें से कई खिलाड़ियों को खेल कोटे से नौकरी भी मिल चुकी है। वह देश सेवा के साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पदक भी जीत रहे हैं। इसमें रश्मि, डॉली, खुशबू, शिवांगी आदि खिलाड़ी शामिल हैं। केंद्र की ओर से समय-समय पर खिलाड़ियों के लिए ट्रायल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कैंप में आने का अवसर मिलता है।
यह भी पढ़ें- UP News: पति को बेहोश कर जान से मारने की कोशिश, पत्नी और ससुरालवालों ने रची साजिश, रिपोर्ट दर्ज
हाल ही में 19 से 24 मई तक दमन एंड दीव में आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स में यूपी महिला सेपकटाकरा टीम ने तीन कांस्य पदक हासिल किए हैं। बिहार के पटना में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इसमें पराजित होने के बाद टीम को कांस्य पदक मिला था। प्रदेश की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन कैंट स्थित प्रशिक्षण केंद्र से ही किया गया था।