बरेली। इज्जतनगर के बाद अब बारादरी क्षेत्र में गोकशी का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह शाहदाना के पास कूड़े के ढेर में एक बोरे में गोवंश के अवशेष मिले। राष्ट्रीय योगी सेना के पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने जांच करके रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी क्षेत्र में शाहदाना से गंगापुर मार्ग पर बनी गोशाला के पास सोमवार को कूड़े के ढेर में गोवंशीय पशुओं के अवशेषों से भरा बोरा पड़ा था। उसे नगर-निगम कर्मचारी उठाकर ले जाने वाले थे। इसी बीच राष्ट्रीय योगी सेना गोरक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी वहां पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए निगम कर्मचारी को पकड़ लिया। संगठन के जिलाध्यक्ष नीरज पटेल ने बारादरी थाने में सूचना दी तो पुलिस भी पहुंच गई।
योगी सेना से जुड़े लोगों का कहना था कि बारादरी क्षेत्र में गोकशी के बाद अवशेष कूड़े के ढेर में फेंक दिए जाते हैं। नगर निगम का कर्मचारी उन्हें आकर तत्काल उठा ले जाता है। यह खेल लंबे समय से चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने अवशेषों को जांच के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मंगलवार तक अवशेषों की जांच रिपोर्ट भी आ जाएगी।