बिहार से अपने मामा के घर बरेली आई एक युवती लॉकडाउन में यहीं फंसकर रह गई तो ममेरी बहन से संबंध बना बैठी। परिवार ने जानकारी होने पर डांटा तो दोनों बहनें अपने एक भाई के साथ घर से भाग निकलीं। भटकते हुए तीनों लखनऊ पहुंचे तो जीआरपी के हाथ लग गए।
वहां से सूचना मिली तो इज्जतनगर पुलिस उन्हें ले आई। हालांकि परिवार ने शादी को लेकर नाराज होकर भागने की बात कही है। इज्जतनगर क्षेत्र निवासी एक परिवार गुरुवार शाम अपने बच्चों की गुमशुदगी की शिकायत करने थाने पहुंचा। परिवार के एक व्यक्ति ने बताया कि बुधवार को उसकी बेटी, बेटा और भांजी अचानक घर से कहीं चले गए हैं।
घर से निकलने के कुछ समय पहले उन्होंने किसी बात को लेकर उन्हें डांट दिया था। परिवार से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों की छानबीन शुरू कर दी। इस बीच पुलिस को लखनऊ रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने फोन पर बरेली की दो लड़कियों और एक लड़के के मिलने की सूचना दी।
परिवार से सूचना की पुष्टि कराने के बाद पुलिस उन्हें लखनऊ लेने पहुंची। पुलिस के मुताबिक लॉकडाउन के दौरान फंसे होने के चलते दोनों बहनों में प्रेम प्रसंग हो गया था। परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने फटकार दिया।