छोटू गूजर ने दो साथियों संग हमला कर दोनों को किया लहूलुहान, कोतवाली में रिपोर्ट
बरेली। जिला जेल से कोर्ट में पेशी आए दुष्कर्म के आरोपी दो भाइयों पर हत्या आरोपी छोटू गूजर ने दो साथियों संग कोर्ट हवालात में हमला कर दिया। इसमें एक भाई का सिर फट गया। दूसरे को ब्लेड से लहूलुहान कर दिया गया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। इन बंदियों में तीन दिन पहले जेल में भी मारपीट हुई थी। घायलों की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीबीगंज के खना गौंटिया निवासी वसीम और तालिब आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। करीब ढाई साल से दोनों सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद हैं। उन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। गुरुवार दोपहर दोनों को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया। इनमें तालिब का सिर फटा था जबकि वसीम के होंठ समेत शरीर कई हिस्सों में चोटें थीं। दोनों ने बताया कि जिला जेल में बारादरी क्षेत्र का हत्या का आरोपी छोटू गूजर गैंग चला रहा है। वह अक्सर बंदियों से मारपीट करता है। छोटू उनसे भी कई दिन से 30 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा है। गुरुवार को तालिब और वसीम के अलावा छोटू और उसके साथी प्रीतम तथा राजेश की तारीख थी। आरोप है कि कोर्ट हवालात में इन लोगों ने वसीम और तालिब पर हमला कर दिया। दूसरे बंदियों और पुलिस ने उन्हें बमुश्किल बचाया। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि तीन दिन पहले भी इन लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। तब वसीम और साथियों ने छोटू को पीटा था। गुरुवार को छोटू और उसके साथियों ने कोर्ट हवालात में दोनों को पीट दिया। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।