54 करोड़ से होगा संजय कम्युनिटी हॉल का नवनिर्माण
संजय कम्युनिटी हॉल को तोड़कर नए भवन और व्यापारिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इस पर 54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परसाखेड़ा में 2.58 करोड़ की लागत से मियावाकी पद्धति से सघन वन लगाया जाएगा। वरिष्ठ नागरिक केंद्र पर 67 लाख रुपये खर्च होंगे।
ये प्रावधान भी किए गए
- अस्थायी और स्थायी शेल्टर होम की मरम्मत और रजाई-गद्दों के इंतजाम के लिए 50 लाख रुपये।
- सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत के लिए 45 लाख।
- नगर निगम कार्यालय, सरकारी आवासों की मरम्मत और पुताई पर सात करोड़।
- तालाबों की खोदाई के लिए 10 लाख रुपये।
- सुरेश शर्मा नगर में नगर निगम के जोनल कार्यालय का विस्तार होगा। इस पर 67 लाख रुपये खर्च होंगे।
बाकरगंज में कम नहीं हुआ कूड़े का पहाड़
पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि बाकरगंज में कूड़े का ढेर कम करने के लिए हर महीने 50 लाख खर्च हो रहे, पर कूड़ा कम नहीं हो रहा। तय हुआ कि पार्षद शनिवार को मौके की स्थिति देखने जाएंगे। चर्चा में पार्षद शशि सक्सेना, सतीश कातिब मम्मा, आरब यादव ने भाग लिया। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव मौजूद रहे।
बैठक में नहीं पहुंचे नामित सदस्य
नगर निगम के पदेन सदस्यों में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार, विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी महाराज सिंह और बहोरन लाल मौर्य आदि शामिल हैं। बैठक में इनमें से कोई भी उपस्थित नहीं रहा। अंत में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, महापौर रहे सुभाष पटेल व राजकुमार अग्रवाल को श्रद्धांजलि दी गई।
अतिक्रमण व वसूली का मुद्दा गरमाया
अतिक्रमण हटाने वाली टीम पर वसूली के आरोप लगे। पार्षदों ने कहा कि पिछली बैठक में दो कर्मचारियों को हटाने का आश्वासन दिया गया था। पार्षद छंगामल मौर्य ने कहा सिर्फ एक को हटाया गया। विवेक कुमार जहां के तहां हैं। महापौर ने कहा कि ऐसा कैसे हो गया? 24 घंटे में कर्मचारी हटेगा। तब पार्षद शांत हुए।