बानखाना में पंजाब से आई वृद्धा की मौत के बाद रिश्तेदारों ने उसकी अंत्येष्टि कर दी। इससे पहले एंबुलेंस आई तो स्टाफ का कोई सदस्य नीचे नहीं उतरा। इस वजह से शोर मच गया कि वृद्धा की मौत कोरोना से हुई है।
प्रेमनगर के बानखाना में चौक के पास रहने वाले एक परिवार की रिश्तेदार कुछ महीने पहले पंजाब से आई थीं। उनका यहां इलाज चल रहा था। शुक्रवार को वृद्धा की तबियत ज्यादा बिगड़ने पर 108 पर सूचना दी गई।
एंबुलेंस स्टाफ बाहर नहीं निकला तो परिजन वृद्धा को गोद में उठाकर गली के बाहर खडी़ एंबुलेंस तक ले गए। तब छत पर खडे़ किसी पड़ोसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बाद में अस्पताल पहुंचने से पहले वृद्धा की मौत हो गई तो परिजन शव ले आए। उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। कई व्हाट्सएप ग्रुप में पड़ोसी का बनाया वीडियो पहुंच गया जिससे बानखाना और शहर के लोग दहशत में आ गए।
कई जनप्रतिनिधियों ने भी स्थानीय नेताओं को कॉल कर वीडियो की सत्यता पूछी। पता लगा कि वृद्धा की स्वाभाविक मौत हुई है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर बलवीर सिंह ने इस तरह की किसी जानकारी से इंकार किया।