बरेली। शहर में नए केस मिलने की दर भले ही काबू में हो लेकिन शहर के कुछ इलाकों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अतिसंवेदनशील इलाकों की सूची स्वास्थ्य विभाग ने तैयार की तो चौंकाने वाले आंकड़े मिले हैं। दस दिनों की रिपोर्ट में मौलानगर और सिविल लाइंस का इलाका सर्वाधिक संक्रमित मिला है। हजियापुर तीसरे और गंगापुर चौथे पायदान पर है। इन इलाकों में सघन सर्वे कर सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना की दूसरी लहर की आशंका से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट हैं। दिल्ली हाईवे, जंक्शन आदि पर जांच शुरू कर संक्रमित ट्रेस किए जा रहे हैं। दस दिनों में मौलानगर, सिविल लाइंस, हजियापुर और गंगापुर में 25 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। टीम को संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की सघन ट्रेसिंग और सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, क्षेत्र में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को भी कहा गया है। एसडीएम डॉ. अशोक कुमार ने संबंधित रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए सीएमओ को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि संक्रमितों की ट्रेसिंग में ढिलाई बरतने की जानकारी पर कार्रवाई भी की जा सकती है। टीम लोगों से उनके स्वास्थ्य संबंधी पूछताछ करने के साथ ही, डोर टू डोर सर्वे भी करेगी। प्रत्येक संक्रमित के संपर्क में आए करीब 25 लोग ट्रेस किए जाएंगे।
किस पीएचसी पर कितने मिले संक्रमित
रिपोर्ट के मुताबिक बीते दस दिनों में सुभाषनगर में सात, मढीनाथ में दो, सिविल लाइंस में 39, बाकरगंज में चार, सीबीगंज में शून्य, स्वालेनगर में दो, नदौसी में एक, गंगापुर में 23, इज्जतनगर में 20, मौलानगर में 45, बानखाना में आठ, जाटवपुरा में 11, हजियापुर में 28, पुराना शहर में पांच, पीरबहोड़ा में सात, हरूनगला में शून्य, जाटवपुरा में चार और घेर जाफर खां में 13 यानी कुल 224 संक्रमित मिले हैं।
नियमों का मखौल उड़ाना पड़ा भारी
एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक, संक्रमण की दूसरी लहर की आशंका के बावजूद लोग सचेत नहीं हो रहे हैं। आवागमन के दौरान भले ही वह मास्क या सैनिटाइजर का प्रयोग कर रहे हों मगर आपस में बातचीत के दौरान बचाव के प्रयास नहीं हो रहे हैं। इसके चलते एक से दूसरे और फिर संक्रमण फैल रहा है। एक संक्रमित कितनों के संपर्क में आया होगा यह पता करना बेहद कठिन है।
2936 सैंपल की जांच में 41 पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में रविवार को 41 संक्रमित मिले हैं। इसमें सिविल लाइंस, मवई काजियान में तीन, ग्रीनपार्क में चार, ट्यूलिप टॉवर में दो, इफको टाउनशिप में तीन, माधोबाड़ी, बिहारीपुर, जवाहर नगर, नवाबगंज, मढीनाथ, डीडी पुरम में दो, नेकपुर गल्ला मंडी समेत अन्य इलाकों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिला अस्पताल का एक कर्मचारी भी संक्रमित मिला है। संक्रमितों की कॉन्टैक्ट ट्रेस हो रहे हैं।