बरेली। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के बीच विधानसभा चुनाव संपन्न कराना जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। संक्रमण की रफ्तार पर काबू पाने के साथ ही, फ्रंटलाइन वर्करों को संक्रमण से बचाने की जिम्मेदारी भी जिला प्रशासन की है। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक करीब 24 फीसदी फ्रंटलाइन वर्कर संक्रमित मिल चुके हैं। यह सिलसिला अभी थमा नहीं है।
अबकी बार सर्वाधिक संक्रमितों की सूची में हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्कर हैं। करीब छह हजार से ज्यादा मिले संक्रमितों में से अब तक करीब 14 सौ फ्रंटलाइन वर्कर और पांच सौ से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित मिल चुके हैं। दस दिनों से संक्रमितों की तादाद कम हो रही है पर सर्विलांस अधिकारियों के मुताबिक, अगर एहतियात न बरती गई तो आंकड़ा फिर बढ़ सकता है।
चुनाव आयोग के निर्देश के तहत चुनाव में ड्यूटी करने वाले प्रत्येक कर्मचारी को बूस्टर डोज लगनी जरूरी है। मगर, आईसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार संक्रमित व्यक्ति को तीन माह बाद ही वैक्सीन लगाई जाने के निर्देश हैं। ऐसे में जो फ्रंटलाइन और हेल्थ वर्कर्स संक्रमित हुए हैं, उन्हें अब बूस्टर डोज तीन महीने के बाद ही लग सकेगी। फ्रंटलाइन वर्करों को मतदान से लेकर मतगणना तक प्रमुख जिम्मेदारियां निभानी हैं। अब यही सर्वाधिक चपेट में आ रहे हैं। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी, शिक्षक, पीएसी के जवान, नगर निगम कर्मचारी, बैंककर्मी शामिल हैं। ऐसे में संक्रमण को बढ़ने से रोकना प्रशासन के लिए चुनौती है।
28 सौ सैंपल की जांच में 31 लोग संक्रमित : आईडीएसपी इंचार्ज एवं सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक, शनिवार को प्राप्त 28 सौ सैंपल की जांच रिपोर्ट में 31 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें सुभाषनगर, कनमन, शास्त्रीनगर, बरौर के दो-दो, दो पुलिसकर्मी, सिविल लाइंस के दो लोग, कमुआ, चंदपुर भोजीपुरा, रिछा, गोल्डन ग्रीन पार्क में एक-एक व्यक्ति कोरोना की चपेट में है। सभी संक्रमितों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। शनिवार को 124 संक्रमितों का होम आइसोलेशन समाप्त हो गया है। इसके बाद अब जिले में 604 सक्रिय संक्रमित रह गए हैं।
27322 लोगों को लगाई कोरोना वैक्सीन : कोविड टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 427 सत्र में 27322 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। डीआईओ डॉ. आरएन सिंह के मुताबिक, 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 3934, 18 पार के 3736, 45 पार के 10469 लोगों को वैक्सीन की पहली, 1134 लोगोें को दूसरी डोज लगी। जो लक्ष्य के सापेक्ष करीब 34 फीसदी रहा। अब तक 38699 लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा चुकी है। इनमें हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं।