बरेली। पीआरओ और बड़े बाबू के संक्रमित होने के बाद से एडीजी दफ्तर का स्टाफ दहशत में है। हालांकि यहां जनसुनवाई मंगलवार को भी जारी रही। एडीजी ने पूरे समय बैठकर शिकायतों का निस्तारण किया।
एडीजी के पीआरओ और दफ्तर के बड़े बाबू छह दिन पहले बुखार आने पर अवकाश लेकर अपने घर मुरादाबाद चले गए थे। पीआरओ की पत्नी वहां एडीएम और कोरोना नियंत्रण सेल की प्रभारी हैं। दोनों ने वहीं टेस्ट कराया, उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों में कोरोना संक्रमण के हल्के लक्षण पाए गए हैं। उन्हें वहां निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
इधर, साथियों के कोरोना संक्रमित मिलने से दफ्तर का स्टाफ घबराया हुआ है। गेट पर बनी हेल्थ डेस्क पर मंगलवार को आने जाने वालों की जांच ज्यादा कायदे से की गई। बेहद जरूरी मामले वाले लोगों को ही अंदर भेजा गया। बाकी मामलों में प्रार्थना पत्र एडीजी या जन शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी जीत सिंह तक पहुंचा दिए गए। दफ्तर रविवार को ही सैनिटाइज कर दिया गया था। मंगलवार को एसएसपी भी एडीजी को 17 जुलाई को पुलिस लाइन में प्रस्तावित पासिंग आउट परेड का निमंत्रण देने पहुंचे।