फरीदपुर। संविदा पर तैनात डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को दो माह से मानदेय नहीं मिला है। इसको लेकर सभी संविदा कर्मी बृहस्पतिवार को फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर धरने पर बैठ गए। ओपीडी में पहुंचे मरीजों को भी धरना स्थल पर बुलाकर ही परामर्श देकर दवाइयां लिखीं। मांगों को लेकर मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी को संबोधित ज्ञापन डॉ. धर्मेंद्र कुमार को दिया।
धरने पर बैठे स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों को मार्च एवं अप्रैल माह का मानदेय अभी तक नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालयों का नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। हम लोग बच्चों की किताबें तक नहीं खरीद पा रहे। दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उधार लेना पड़ रहा है। इस मौके पर डॉ. तरुन शर्मा, डॉ. अतुल शर्मा, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. केडी पाठक, डॉ. जीए राही, अनुराग शर्मा आदि मौजूद रहे।