फतेहगंज पूर्वी। थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बसावनपुर गांव के पास मटेनिया तिराहे पर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को बुधवार रात गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 89 ग्राम स्मैक बरामद हुई। रिपोर्ट दर्ज करके न्यायालय में पेश करने के बाद वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम कामिल और मुस्लिम निवासी गांव शिवपुरी, थाना फतेहगंज पूर्वी बताया। उन्होंने बताया कि वह लोग पीलीभीत-नेपाल बॉर्डर से नेपाल के लोगों से स्मैक खरीदकर लाते हैं। यहां इसकी ऊंचे दाम पर बिक्री कर देते हैं।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
-
एक किलो अफीम के साथ तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार
अलीगंज। थाना पुलिस ने नौगवां ब्रह्मनान-अलीगंज मार्ग पर अफीम तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक किलो अफीम और एक बाइक बरामद की गई है। एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दो लोग नौगवां ब्रह्मनान वाली सड़क के पास अफीम लेकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर दबिश देकर थाना विशारतगंज के गांव लोहारी निवासी राजू और थाना अलीगंज के गांव पाण्डी निवासी एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया।
राजू के पास से 550 ग्राम और नाबालिग आरोपी के पास 450 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस दोनों को थाने ले आई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह अफीम आंवला के एक युवक से खरीदी थी। संवाद