आंवला। टेक्निकल ऑडिट कमेटी (टीएसी) की ओर से विकास कार्यों की जांच शुरू होने से घबराए ठेकेदार धमकी दे रहे हैं। झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका है। ये आरोप लगाकर शुक्रवार को नगर पालिका के सभासदों ने मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायतीपत्र एसडीएम विदुषी सिंह को सौंपा।
सभासद सचिन गुप्ता, सूरजपाल मौर्य सहित अन्य ने बताया कि सितंबर महीने में उन्होंने नगर पालिका की ओर से कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाकर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया था। उनकी शिकायत का संज्ञान लेकर पिछले दिनों दो बार टेक्निकल ऑडिट कमेटी (टीएसी) ने यहां आकर जांच की।
जांच में कई खामियां मिलीं। इससे संबंधित निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार घबराए हुए हैं। बीते सोमवार को जब टीएसी मिर्जापुर मोहल्ले में सीसी रोड की जांच कर रही थी तभी तीन ठेकेदार अपने अन्य साथियों के साथ वहां आए और शिकायतकर्ताओं को धमकाने लगे। डायल 112 पर कॉल की गई। इसके बाद से आरोप लगातार धमकी दे रहे हैं।
कहा कि आरोपियों की ओर से धमकी मिलने के बाद सभासद डरे हुए हैं। एसडीएम ने शिकायतकर्ताओं को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।