बरेली। बरेली कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों के निलंबन को लेकर विवाद बढ़ गया है। प्रबंध समिति के सदस्य सुशील अस्थाना ने कुलपति को पत्र देकर प्रबंध समिति के उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पत्र में बताया गया है कि शिक्षकों और कर्मचारियों का उत्पीड़न हो रहा है। तीन शिक्षकों और एक कर्मचारी का निलंबन बीते दिनों हुआ। वहीं, दो शिक्षकों को मनमाने ढंग से प्रभारी पद से भी हटाया गया। इन सभी कार्यों के लिए प्रबंध समिति की बैठक नहीं बुलाई गई। कॉलेज के बोर्ड ऑफ कंट्रोल के अध्यक्ष मंडलायुक्त और प्रबंध समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी की सहमति भी नहीं ली गई। सभी निर्णय व्यक्तिगत तौर पर किए गए, जबकि इसके लिए समिति के सदस्यों की भागीदारी जरूरी है। समिति के सदस्यों ने रुविवि के कुलपति से प्रबंध समिति का चुनाव कराने की मांग की है, जिससे कामकाज में पारदर्शिता रहे।
वर्जन-
अक्तूबर की शुरुआत में प्रबंध समिति की बैठक होने की जानकारी है। हो सकता है कि बैठक में सभी सदस्य शामिल न हुए हों या शिकायतकर्ता को सूचना न मिली हो और उसी में शिक्षकों के निलंबन का प्रस्ताव पास हो गया हो। फिलहाल बरेली कॉलेज से जुड़े कई मामले हैं। इनको गंभीरता से जांचेंगे, जिससे लंबे समय से आ रहीं समस्याओं का समाधान हो सके। - डॉ. अनिल कुमार राय, कुलपति